फिरोजाबाद/नारखी। नारखी की ग्राम पंचायत गोंदई के प्रधान पद के लिए मतदान तीन फरवरी को होगा। चुनाव प्रचार शनिवार की शाम को थम गया। दो बूथों पर पर्याप्त फोर्स की तैनाती की गई है।
नारखी की ग्राम पंचायत गोंदई के प्रधान जयसिंह पाल की मृत्यु हो जाने के कारण खाली हुए प्रधान पद के उपचुनाव के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं। निवर्तमान प्रधान के परिवार से भारती तथा विपक्षी गजेंद्र पाल सिंह अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 1065 मतदाताओं वाली ग्राम पंचायत में एक-एक वोट को सहेजने के लिए दोनों प्रत्याशियों ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। दो बूथों पर मतदान के लिए चार पोलिंग टीमों का गठन किया है। यह पोलिंग टीमें रविवार को जिला निर्वाचन कार्यालय पंच स्थानीय निकाय कार्यालय से रवाना होगी। इन टीमों के साथ पुलिस फोर्स मुस्तैद रहेगा। पंचायत में एक जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा एवं तहसीलदार सदर विवेक भदौरिया को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया एक बूथ पर एसएचओ नगला सिंघी दिनेश कुमार सिंह एवं दूसरे बूथ पर एसओ पचोखरा संजय सिंह को पुलिस फोर्स के साथ तैनाती दी है।
गजेंद को अनाज ओसता किसान व भारती का चुनाव चिह्न इमली
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि गोंदई ग्राम पंचायत में दो बूथों पर मतदान होगा। प्राथमिक स्कूल गोंदई में 579 मतदाता एवं जूनियर हाईस्कूल गोंदई में कुल 486 मतदाता प्रधान पद के लिए मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि गजेंद्रपाल सिंह को अनाज ओसता हुआ किसान व भारती को इमली चुनाव चिह्न आवंटित हुए थे। इसी हिसाब से मतपत्र भेजे जा रहे हैं।