फिरोजाबाद/नारखी। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले मंगलवार को कई गांवों के किसानों ने नारखी बिजलीघर का घेराव किया। किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पर्याप्त मात्रा में बिजली आपूर्ति कराने की मांग की। एक्सईएन और एसडीओ के आश्वासन के बाद किसानों शांत हुए।
भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश उपाध्यक्ष टिकैत भैय्या और ब्लाक अध्यक्ष अनुज मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने बिजलीघर का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के कारण बिजलीघर की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया।
सुबह दस बजे से शुरू हुआ आंदोलन दोपहर दो बजे तक चलता रहा। किसानों का कहना है कि नलकूपों को 12 घंटे बिजली देने के आदेश हैं जबकि मात्र चार से पांच घंटे बिजली मिल रही है। फसलें सूख रही हैं। हंगामे की जानकारी बिजली विभाग ग्रामीण क्षेत्र के एक्सईएन विश्वेंद्र प्रताप सिंह, एसडीओ विनोद कुमार एवं जेई रामबृज पुलिस बल के साथ पहुंचे।
उन्होंने भाकियू नेताओं के साथ किसानों की समस्या को सुना और भरोसा दिया कि दो दिन के अंदर समस्या का समाधान करा देंगे। 12 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी। एक्सईएन के आश्वासन के बाद ही किसानों ने धरना समाप्त किया। राजा भैय्या जिला उपाध्यक्ष, हरेंद्र मिश्रा, अरुण प्रताप सिंह, दिलीप, हेमंत प्रताप सिंह, सौरभ, घनश्याम सिंह, राजेश प्रताप सिंह बूली, विनय तिवारी, रोहित कुमार, सेंकी सहित सैकड़ों की संख्या में किसान शामिल रहे।
इन गांवों के किसान प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे
नारखी। भाकियू भानु के पदाधिकारियों के साथ ही बिजली संकट से जूझ रहे नारखी क्षेत्र के गांव रैमजा, लोकीगढ़ी, ओखरा, रामनगर, रतौली, नारखी, गढ़ी हंसराम, गढ़ी अफोह, गांगनी, जैतपुर, डोरसा, राजपुर, मुनिया खेड़ा आदि सहित कई गांवों के किसान धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
किसानों के द्वारा नारखी बिजली घर पर प्रदर्शन किया गया। बिजली की आपूर्ति कम मिलने, कुछ अन्य समस्याएं थी उनको दो दिन में निस्तारण का भरोसा दिया है। बिजली की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।
-विश्वेंद्र प्रताप सिंह, एक्सईएन विद्युत ग्रामीण