ईद में चंद दिन बाकी है। रमजान के आखिरी दिनों में लोग ईद की खरीदारी में जुटे हैं। बाजार देर रात तक गुलजार हो रहे हैं। आम दिनों की अपेक्षा भीड़ अधिक है। बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं। ईद की तैयारियों के लिए मुस्लिमाें में उत्साह नजर आ रहा है।
रमजान के आखिरी दिनों में मुस्लिम ईद की खरीदारी करने में लगे हैं। बाजारों में बच्चों से लेकर महिला और पुरुष की खासी भीड़ नजर आ रही है। कोई कुरता पायजामा खरीद रहा है, तो कोई पेंट शर्ट। चूड़ी वाले से लेकर जूता चप्पल वाले तक पर भीड़ लगी दिख रही है। हर रेंज में कपड़े, जूता-चप्पल मिल रहे हैं। बाजार में छोटे बच्चों के कुर्ता पाजामा 300 से 350 रुपये तक तथा बड़ों के लिए 500 से 600 रुपये तक उपलब्ध हैं। युवतियां व महिलाएं कड़ाई दार सलवार सूट खरीद रही हैं। बाजार में कड़ाई दार सलवार सूट 600 रुपये से 1000 रुपये तक बिक रहे हैं। साथ आर्टीफीशियल ज्वैलरी, कड़े व कांच की चूड़ियां की भी भीड़ दुकानों पर नजर आ रही है। बाजार में सिंबई, सूत फैनी, लाल सूत फैनी, बनारसी सेंवई, छुआरा, किशमिश की भी अच्छी बिक्री हो रही है। सेंवई 35 रुपये, सूत फैनी 60 रुपये तथा लाल सूत फैनी 70 रुपये तक बिक रही हैं। बनारसी सेंवई का पैक भी 70 रुपये में उपलब्ध है। बाजार में छुआरा 70 से 100 रुपये किलो हैं तो किशमिश 200 से 250 रुपये किलो तक बिक रही है। अच्छी बिक्री होने दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। रेडीमेड गारमेंट विक्रेता फरहान ने बताया कि प्रतिदिन लेडीज व जेंट्स कपड़ों अच्छी बिक्री हो रही है। ईद से दो-तीन पहले बिक्री में तेजी आएगी। फैनी दुकानदार सिराजुद्दीन ने बताया कि इस साल गत वर्ष की अपेक्षा अच्छी बिक्री हो रही है। ईद तक बिक्री और बढ़ेगी।