फिरोजाबाद। डीएम और एसएसपी ने जिले में होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए दुर्घटना बहुल क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने हादसों की बारीकियों को समझने के साथ इसके निदान के लिए आवश्यक प्लान करने के एआरटीओ को निर्देश दिए। कैमरों को कम दूरी पर लगाने एवं चेकिंग करने वाली गाड़ियों में भी जीपीएस सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
डीएम रमेश रंजन ने शुक्रवार को एसएसपी सौरभ दीक्षित के साथ लेकर शुक्रवार को सिक्सलेन बाईपास पर कई स्थानों पर खुद ही जांच पड़ताल करने के लिए पहुंचे। उन्होंने नेशनल हाईवे स्थित रसूलपुर कट, बालाजी मंदिर के पास कट, नौशहरा के पास स्थित कट, गुंजन चौक सिरसागंज के पास स्थित कट, अरांव सिरसागंज के पास स्थित कट, कठफोरी चौकी के पास स्थित उखरेंड कट का निरीक्षण किया। यहां हादसों को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
इसके साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भी किलोमीटर संख्या 76 व 70, 54, 49 एवं 61 पर अधिकांश हादसे होने के कारण निरीक्षण किया। नेशनल हाइवे के अफसरों से कहा हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। क्योंकि आने वाले दो महीने में घना कोहरा होने के कारण यहां हादसा होने की संभावना हमेशा बनी रहती है। इसलिए आने वाला समय काफी चुनौतीपूर्ण है। इसमें विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, जिससे हादसों को कम किया जा सके।
डीएम ने एआरटीओ से कहा कि कोई काम कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर दिखाई देना चाहिए। कैमरों को कम दूरी पर लगवाया जाएं। चेकिंग करने वाली गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम अवश्य लगा होना चाहिए। अनावश्यक रूप से हाईवे पर कोई वाहन खड़ा नहीं करने पाए। क्योंकि अधिकांश तो हादसे वाहनों के अनावश्यक रूप से खड़े होने के कारण ही हो जाते हैं।