फिरोजाबाद। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त 345 पदों को भरने की कवायद प्रारंभ कर दी है। दो दिसंबर 2024 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। इंटरमीडिएट पास महिलाएं ही आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के साथ शासन के निर्देशानुसार कार्यकर्ता का चयन किया जाएगा। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में मानदेय पर काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के जिले में 345 पद रिक्त है। इनमें 160 अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 49, पिछड़ी जाति के 75,अनुसूचित जाति के 61 पद शामिल है। बाल विकास परियोजना बार यदि देखा जाए तो फिरोजाबाद शहर द्वितीय में सबसे अधिक 65 एवं ग्रामीण व जसराना में सबसे कम 14-14 पद रिक्त है। शहर प्रथम में 30,एका ग्रामीण में 21, टूंडला में 54, कोटला परियोजना में 60, खैरगढ़ परियोजना में 17, मदनपुर में 250,अरांव ग्रामीण में 32 के साथ ही शिकोहाबाद में 18 पद रिक्त है। इसमें केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगे।
एक जुलाई 2024 को 18 से 35 वर्ष आयु की इंटरमीडिएट पास महिलाएं ही आवेदन कर सकेंगी। जो भी आवेदन करना चाहता है कि वह रिक्त पद के वार्ड,ग्राम पंचायत में उसी न्याय पंचायत की निवासी होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र विज्ञापन जारी होने की तिथि से छह माह पुराना तक मान्य होगा। जाति आय एवं निवास प्रमाणपत्र तहसील से जारी होने चाहिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी केशरीनंदन तिवारी ने कहा कि सभी आवेदन सिर्फ ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर विकास भवन स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।