फिरोजाबाद। व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले 55 प्रतिशत से कम अंक वाले स्नातक उत्तीर्ण छात्रों को छात्रवृत्ति आवेदन शासन को फॉरवर्ड नहीं किए जाएंगे। समाज कल्याण निदेशालय स्तर से शैक्षिक सत्र 2020-21 के दौरान छात्रवृत्ति वितरण योजना में कई बदलाव किए हैं।
विगत 26 दिसंबर को वेबिनार के जरिए हुई बैठक के दौरान शासन ने शैक्षिक सत्र 2020-21 के दौरान छात्रवृत्ति योजना में कई अहम बदलाव की जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा दी जानकारी के मुताबिक निजी संस्थानों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेशित 55 प्रतिशत से कम अंक प्रतिशत वाले स्नातक उत्तीर्ण छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन शासन की साइट पर फॉरवर्ड नहीं किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रबंधकीय कोटा अथवा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश लेने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञाशंकर द्वारा 28 दिसंबर 2020 को विभिन्न शिक्षण संस्थानों को भेजी गई शासन की गाइडलाइन के अनुसार विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा बी ग्रेड की मान्यता वाले निजी शिक्षण संस्थानों के छात्रों को ही छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिलेगा।