एस. आर. के. डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पाठ्य अध्ययन करतीं छात्राएं
- फोटो : FIROZABAD
अमरफिरोजाबाद। पढ़ो फिरोजाबाद-बढ़ो फिरोजाबाद के अंतर्गत जनपद के सभी स्कूल, कालेजों में एक साथ किताबें पढ़कर रिकार्ड बनाया। छात्रों ने सुबह 11 बजे से 11.45 तक अपनी पसंदीदा किताबें पढ़ीं। यह पहल राज्यपाल आनंदी बेन के निर्देश पर की गई है। दाऊदयाल महिला महाविद्यालय में बौद्धिक स्तर बढ़ाने के लिए छात्राओं ने दर्शन शास्त्र, इतिहास एवं हिंदी, अंग्रेजी के सर्वश्रेष्ठ व प्राचीन साहित्यकारों का अध्ययन कर विशेष जानकारी हासिल की। स्वाध्याय को रोचक व मनोरंजक बनाने के लिए छात्राओं ने सर्किल स्वास्तिक एवं भारत के मानचित्र की आकृतियों में स्वयं को बैठाकर पाठ्यक्रम के पठन-पाठन में रुचि दिखाई।
प्राचार्या डा. विनीता गुप्ता ने पूर्ण उत्साह दिखाते हुए छात्राओं को प्रोत्साहित किया। एसआरके डिग्री कालेज में रीडिंग महोत्सव का आयोजन प्राचार्य डा. प्रभाष्कर रॉय के निर्देशन में किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने मनोविज्ञान, हिंदी एवं साहित्य की किताबें पढ़ी। प्राचार्य ने छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए बल दिया। इधर, प्राइमरी स्कूल आर्यनगर में भी रीडिंग मेले का आयोजन किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान में इंचार्ज प्रधानाध्यापक कल्पना राजौरिया के निर्देशन में बच्चों ने निर्धारित समय पर किताबें पढ़ी। जनपद के सभी माध्यमिक, परिषदीय विद्यालयों में रीडिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।