फिरोजाबाद। परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण की गति धीमी देख शासन ने जनपद और ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी को निरीक्षण तेज कर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष आख्या रिपोर्ट प्रेरणा एप पर अपलोड करन के निर्देश दिए गए हैं। शासन ने पूरे प्रदेश में जनपद स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी गठित कर परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण की रिपोर्ट प्रेरणा एप पर अपलोड करने के आदेश दिए हैं।
हालांकि जिले की स्थिति खराब देख विगत दिनों शासन ने डीएम और बीएसए को पत्र भेजकर इसमें सुधार लाने के आदेश दिए थे। बीएसए ने टास्क फोर्स कमेटी के अलावा सभी जिला समन्वयकों को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि शासन के आदेश का हर हाल में पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी के सदस्य प्रतिमाह पांच-पांच, सभी खंड शिक्षाधिकारी प्रतिमाह 20, जिला समन्वयक प्रतिमाह दस स्कूलों का निरीक्षण करते हुए आख्या रिपोर्ट प्रेरणा एप पर अपलोड करें।
20 अक्तूबर तक प्रेरणा एप पर स्कूल का डाटा अपलोड करने के निर्देश
फिरोजाबाद। शासन के आदेश पर बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र भेजकर जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों का आधारभूत डाटा 20 अक्तूबर तक अपलोड कराए जाने के निर्देश दिए हैं। शासन स्तर पर ऑनलाइन मॉनीटरिंग प्रणाली प्रेरणा के विभिन्न घटकों के लिए अब एक कॉमन डैशबोर्ड स्थापित किया जा रहा है। व्यवस्था के लागू होने से विभागीय योजनाओं की जनपदवार अद्यतन प्रगति पर नजर रखी जा सकेगी। विगत दिनों शासन ने प्रदेश के सभी बीएसए को पत्र भेजकर स्कूलों का डाटा अपलोड कराने के आदेश दिए थे।