नाला निर्माण के लिए खोदी पड़ी सड़क।
नगर निगम की लापरवाही से कोटला चुंगी चौराहे पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नाला क्रास करने के लिए ठेकेदार द्वारा खोदी गई सड़क हादसे का निमंत्रण दे रही है लेकिन जिम्मेदार अफसरों का भी इस ओर ध्यान नहीं है।
नगला बरी चौराहे पर वर्षों से जलभराव की गंभीर समस्या है। सर्विस रोड पर बना नाला चौक होने के कारण समस्या और भी गंभीर हो जाती है। सर्विस रोड पर भरा पानी घरों, दुकानों के अंदर तक घुस जाता है। क्षेत्रीय जनता द्वारा लंबे समय से समस्या के स्थायी निदान की मांग की जा रही है। नगर निगम द्वारा समस्या के निदान के लिए कोटला चुंगी पर बने नाले को क्रास करते हुए सर्विस रोड के नाले का पानी उसमें डालने की योजना है। नगर निगम द्वारा टेंडर उठाकर कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। ठेकेदार द्वारा नाला क्रास करने के लिए कोटला चुंगी चौराहे पर सड़क को खोद दिया गया है लेकिन बेरीकेडिंग नहीं की गई है। ऐसे में खोदी गई सड़क हादसाें को निमंत्रण दे रही है। इस संबंध में एक्सईएन एसपी मिश्रा ने कहा कि नाला क्रास करने के बाद ठेकेदार को सड़क को यथास्थिति बनाने के निर्देश दिए हैं। यदि अभी तक सड़क ठीक नहीं कराई गई तो मौका मुआयना करने के बाद संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।