जसराना। थाना जसराना क्षेत्र के अंतर्गत खड़ीत नहर के समीप मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से ट्रक में पीछे लदे लोहे के गार्डर केबिन को तोड़ते हुए बाहर निकल गए। इससे केबिन में सवार यात्री बुरी तरह घायल हो गए। समाचार लिखे जाने तक पुुलिस ग्रामीणों की मदद से ट्रक की केबिन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुटी है।
लोहे के गार्डर लेकर शिकोहाबाद से एटा जा रहे ट्रक चालक ने खड़ीत नहरपुल के समीप अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रक में लदे लोहे के गार्डर ट्रक की केबिन को तोड़ते हुए बाहर निकल गए। इससे केबिन में बैठे यात्री दब गए। हादसा होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से केबिन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालवा रही है। थानाध्यक्ष जसराना फतेहबहादुर सिंह का कहना है कि ट्रक की केबिन में यात्री बैठे थे। जो लोहे के गार्डरों के नीचे दब गए हैं। यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों की हालत काफी गंभीर है। यात्रियों की संख्या चार से पांच बताई जा रही है। संवाद