फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में गैस टैंकर चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे परिवार पर चढ़ गया। हादसे में पिता और 10 वर्षीय बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद मैनपुरी रोड पर स्थित ग्राम मुहम्मदपुर माड़ई में एक हृदय विदारक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे एक परिवार पर सुबह-सुबह मौत बनकर एक गैस टैंकर टूट पड़ा। इस भीषण हादसे में पिता और उसके 10 वर्षीय बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बेटी को तत्काल उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया, और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राम मुहम्मदपुर माड़ई निवासी 50 वर्षीय कासिम अली अपने छोटे बेटे 10 वर्षीय तोशिफ और 13 वर्षीय बेटी शहरीन के साथ मंगलवार की सुबह करीब छह बजे सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अरांव की ओर से आ रहा एक गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि टैंकर चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना हुई। अनियंत्रित टैंकर सीधे चारपाई पर सो रहे कासिम अली, तोशिफ और शहरीन पर चढ़ गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल बेटी शहरीन को तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पिता और पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।