हाईवे की खुदाई करके लीकेज पाइप लाइन की मरम्मत का काम रविवार को भी दिनभर जारी रहा। इस दौरान दिल्ली से मंगाए गए ज्वाइंटर को लगाया गया। अभियंताओं ने बताया कि हाईवे का मामला होने के कारण समस्या के स्थाई समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
नगला बरी चौराहे पर एक साल से पाइप लाइन लीकेज हो गई थी। हाईवे के नीचे की पाइप लाइन लीकेज को ठीक कराने के लिए खुदाई के लिए एनएचएआई से अनुमति लेकर जलकल विभाग ने शनिवार सुबह सात बजे से काम शुरू कराया है। हाईवे की खुदाई कराकर पहले लीकेज की तलाश की गई। घंटों की मशक्कत के बाद नगला परी चौराहे के समीप पाइप लाइन का लीकेज मिला। पर, इस लीकेज को बंद करने के लिए फीरोजाबाद में कहीं भी ज्वाइंटर नहीं मिला। नगर आयुक्त के निर्देश पर तत्काल एक कर्मचारी को ज्वाइंटर ले आने के लिए दिल्ली भेजा गया था। वह दिल्ली से सामान लेकर रविवार को सुबह करीब 10 बजे वापस आया। दिल्ली से सामान आते ही जलकल विभाग ने लीकेज की समस्या का स्थाई निदान करने के लिए कार्य प्रारंभ कराया। जलकल विभाग के महाप्रबंधक जवाहर राम, अवर अभियंता की देखरेख में कर्मचारियों ने ज्वाइंटर लगाया।
बाक्स--
लीकेज दूर करने में खर्च हुए दो लाख रुपये
हाईवे के नीचे दबी पाइप लाइन से लीकेज दूर करने में नगर निगम प्रशासन का करीब दो लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है। बता दें कि इस लीकेज के कारण करीब आधा दर्जन क्षेत्रों में एक साल से पानी की समस्या बनी हुई थी।
इनसेट
आज से सुचारू रूप से होगी जलापूर्ति
जलकल विभाग के अवर अभियंता पीके सिंह ने बताया कि हाईवे का मामला होने के कारण लीकेज की समस्या का स्थाई निदान करने की कोशिश हुई है। बताया कि सोमवार से नगला बरी टंकी से जुड़े सभी क्षेत्रों में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।