परीक्षा की तैयारी में तनाव न लें, नींद के साथ खानपान में बरतें सावधानी
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिए टिप्स
फिरोजाबाद। परीक्षा का समय नजदीक आ रहा है। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं की चिंता बढ़ रही है। छात्र परीक्षा को लेकर तैयारी में जुटे है। कोई परीक्षा की तैयारी को लेकर विशेषज्ञों की सलाह ले रहा है तो कोई खुद ही तैयारी में लगा है। विशेषज्ञों का कहना है कि खानपान और पूरी नींद लेना भी जरूरी है। विशेषज्ञों कहना है कि परीक्षा के दौरान कुछ छात्र तनाव में आने से अवसाद के शिकार हो जाते हैं। जिससे उनकी परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो जाती है और छात्र मेहनत करने के बाद भी उपेक्षा के अनुसार अंक प्राप्त नहीं कर पाते हैं।
फिजिशियन डॉ. वरुण गुप्ता ने बताया कि कि फरवरी में मौसम भी बदलता है। ऐसे में सर्दी, बुखार, खांसी जैसी बीमारियां होना स्वाभाविक है। लेकिन परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधित किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से मिलकर दवा लेनी चाहिए। उन्हें किसी भी अवस्था में स्वास्थ्य खराब होने पर अपने मन से दवा नहीं लेनी चाहिए। पेपर देने जाएं तो हल्का खाकर जाएं। जिससे सुस्ती का एहसास न हो।
फिजिशियन डॉ. एसपीएस चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य को बेहतर रखने में भोजन का विशेष महत्व होता है। इसलिए परीक्षार्थियों को पोषक तत्व से भरपूर ताजा भोजन लेना चाहिए। पढ़ाई का समय निर्धारित कर पाठ्यक्रम पर ध्यान देने के अलावा भरपूर नींद लें। देर रात्रि तक न पढ़े। यदि नींद पूरी नहीं हुई तो पढ़ाई में मन नहीं लगने के अलावा उनके भीतर चिड़चिड़ापन आ जाता है। मनोरंजन के लिए समय निकालें।
इन बातों का रखें ख्याल
- हमेशा ताजा और हल्का भोजन लें, सलाद के का प्रयोग अधिक करें।
- समय सारणी बनाकर परीक्षा के दौरान करें कार्य।
- नींद पूरी करें, बीमार होने पर डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें।