अरांव ब्लाक के दरिगापुर भारौल में सुबह सात बजे बंद करो, बंद करो, खुले में शौच बंद करो का नारा पूरे गांव में गूंजा। रैली में गांव के प्रधान एवं ग्रामीणों और बच्चे शामिल हुए। गांव में डीएम विजय किरन आनंद के साथ अन्य अधिकारी शामिल थे।
डीएम विजय किरन आनंद ने शीतकालीन भ्रमण के दौरान तड़के सात बजे अरांव ब्लाक के गांव दरिगापुर भारौल पहुंचे। ‘सुहागनगरी की लाजÓ अभियान के तहत डीएम ने गांव में चौपाल लगाकर ग्राम वासियों की समस्याओं को जाना एवं गांव में सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। खुले में शौचमुक्त कराने के लिए गांव में गठित निगरानी समितियों के सदस्यों को एक साथ खड़ाकर उनसे हाथ उठवाकर खुले में शौच मुक्त करने संबंधी नारे लगवाए और सभी ग्रामीणों को खुले में शौच न जाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने प्रधान एवं ग्रामीणों से आह्वान किया यदि कोई खुले में शौच करना बंद नहीं करता है तो ग्राम सभा में प्रस्ताव पास कर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाएं। प्राथमिक स्कूल के अध्यापक नवाब सिंह के नहीं आने पर उन्हें निलंबित करने आदेश दिए। वहीं दूसरी अध्यापिका सोनाली को निष्ठा से अध्यापन कार्य करने पर पुरस्कृत करने की घोषणा की। मनरेगा योजना के अंतर्गत गांव के तालाब को जीर्णोद्धार करने, चारागाह और खेल का मैदान बनाने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान एसडीएम सिरसागंज राजेश यादव थे।