डीएम ने भरवाए छात्र-छात्राओं के आवेदन फार्म
- फोटो : Amar Ujala
संत जनूबाबा स्मारक डिग्री कालेज में आयोजित किया कैंप
छात्र-छात्राओं को समझाया,पड़ोसी परिवार के भरवाएं फार्म
शिकोहाबाद के संत जनू बाबा स्मारक डिग्री कालेज में डीएम राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ डीएम ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया। छात्र-छात्राओं से वोट बनवाने के लिए फार्म संख्या छह भरने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में वोट का काफी महत्व है। अपना वोट बनवाने के साथ परिवार के सदस्यों एवं पड़ोसियों को वोट बनवाने को प्रेरित करें। डीएम ने कहा कि जो लोग बाहर चले गए अथवा मृत हो, उनके नाम सूची से अवश्य कटवाएं। उन्होंने कहा मतदाता जब जागेगा तभी देश जागेगा। अच्छे लोगों को घर में नहीं बैठना चाहिए अपने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज में मतदान के प्रति जागरूकता लाएं। उन्होंने कहा कि जो छात्र-छात्राएं, अध्यापक और कालेज लोकतंत्र के पुनीत कार्य में सबसे अच्छा परिणाम देंगे, उन्हें 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान शिकोहाबाद एसडीएम प्रेमचंद्र यादव, सहायक आयुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार शिकोहाबाद, वीडीओ अरांव एवं माध्यमिक शिक्षा संघ के प्रदेश सचिव डा. रामकैलाश यादव, प्राचार्य डा. अजयदेव सिंह आदि मौजूद रहे।