मैनपुरी। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का मामला गर्माता जा रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने डीएम और एसपी से मुलाकात की। इसके बाद डीएम ने मौके पर पहुंचकर कॉलेज की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने छात्रों ने कॉलेज में मौजूद कमियों के बारे में डीएम को बताया तो उन्होंने कॉलेज प्रशासन को एक सप्ताह में सुधार के निर्देश दिए।
लोकमाता अहिल्या देवी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों ने अव्यवस्थाओं को लेकर विगत सोमवार को हंगामा किया था। मंगलवार को एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने भी कॉलेज में विरोध-प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी बुधवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने मैस, बालक-बालिका शौचालय, बाथरूम, लाइब्रेरी, खेल के मैदान, प्रकाश व्यवस्था, भोजन व्यवस्था आदि का निरीक्षण किया। असिस्टेंट प्रोफेसर बलजीत यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी कमियों को एक सप्ताह में दूर किया जाए। एक सप्ताह बाद इंजीनियरिंग कॉलेज की व्यवस्थाओं का फिर से निरीक्षण किया जाएगा। यदि कमियां दूर न हुई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कॉलेज के निदेशक प्रो. दीपेंद्र सिंह से कहा कि छात्रों को मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं। मैस कमेटी का गठन कर छात्रों की देख-रेख में ही मैस का संचालन कराया जाए। छात्रों को मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए। डीएम ने कहा कि शौचालय के गेट के पास सफाई कर्मी का नाम, मोबाइल नंबर लिखा जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर छात्र उसे सफाई के लिए बुला सकें।
-
छात्रों ने गिनाईं अव्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों को बताया कि कॉलेज में तमाम अवस्थाएं हैं। मेन्यू के अनुसार खाना उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। वाटर कूलर खराब होने के कारण पीने के लिए ठंडा पानी नहीं मिलता। लाइट जाने पर जनरेटर भी नहीं चलाया जाता। खेल के मैदान में भी काफी कमियां है, कॉलेज में खेल का सामान तो उपलब्ध है, लेकिन खेलने के लिए उपलब्ध नहीं कराया जाता। शौचालय में सफाई का अभाव है। पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, पुस्तकालय में किताबों के ढेर लगे हुए हैं, रखने के अलमारियां नहीं है, डिजिटल लाइब्रेरी भी वाईफाई के सिग्नल न आने के कारण संचालित नहीं हो पा रही है। पुस्तकालय के दो एसी खराब है, जिस कारण पुस्तकालय में बैठकर पढ़ने में काफी असुविधा हो रही है।
-
विद्यार्थी परिषद ने टीम गठित कर जांच कराने को सौंपा ज्ञापन
मंगलवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में ज्ञापन देने पहुंचे विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी देर रात तक कॉलेज पर मौजूद रहे। देर रात एसडीएम अभिषेक कुमार और सीओ सिटी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। कॉलेज प्रशासन से वार्ता कराने का प्रयास किया। बात नहीं बनी। बुधवार को परिषद के पदाधिकारियों ने डीएम और एसपी से मुलाकात की। ज्ञापन देकर कमेटी गठित कर इंजीनियरिंग कॉलेज की जांच की मांग की। आरोप लगाया कि मंगलवार को कॉलेज पहुंचे परिषद के सदस्यों के पुलिस ने मोबाइल तोड़ दिए इसकी भी जांच कराई जाए। ज्ञापन देने वालों में प्रांत सह मंत्री आकाश चौहान, विभाग सह संयोजक प्रतीक मिश्रा, जिला संयोजक निर्मल यादव, नगर मंत्री शिवम सक्सेना, जिला सहसंयोजक विक्रम चौहान, आयुष सक्सेना, अभय प्रताप, हर्षित सक्सेना, अभिषेक चौहान आदि शामिल रहे।
फोटो 26 राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में भोजन कर रहे छात्रों से जानकारी लेते डीएम। स्रोत प्रशासन