करवा चौथ की पूर्व संध्या पर जिला उद्योग केंद्र द्वारा दीपावली मेला, हस्तशिल्प प्रदर्शनी एवं मेंहदी संरचना का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में काल भैरव, रामायण और डांडिया जैसे मनोरंजन कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। वहीं दूसरी ओर महिलाओं ने स्टॉल से खरीदारी के साथ चाट-पकौड़ी का भी आनंद लिया।
करवाचौथ पर जिला उद्योग केंद्र द्वारा प्रोत्साहन को दीपावली मेला और मेंहदी संरचना का आयोजन किया गया। एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव की पत्नी संजना श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने जिला उद्योग केंद्र में हस्तशिल्प की प्रतिभागियों द्वारा लगाई स्टॉलों का निरीक्षण किया। हॉल में आकर्षक आर्टीफिशियल ज्वेलरी, ड्रेस डिजाइनिंग, करवाचौथ के लिए छलनी, दीपक, मोमबत्ती, करवा की स्टॉल देखी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत ब्यूटीशियन की मास्टर ट्रेनर इंद्रेश द्वारा सर्वप्रथम काल भैरव पर आकर्षक प्रस्तुति दी गई। करवा चौथ की पूर्व संध्या पर जिला उद्योग केंद्र में एसएसपी, एडीएम, एएसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम टूंडला, जसराना, अपर नगर आयुक्त, सीओ शिकोहाबाद सहित उद्यमियों की पत्नियां मेहंदी लगवाने पहुंची। जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक राजीव पाठक, ज्वाइंट्स ग्रुप की कल्पना राजौरिया, वर्तिका जैन, अनु बंसल, रेनू अरोड़ा, डिंपल गुप्ता, सुषमा जैन, नीता गुप्ता, रेखा यादव, नीना अग्रवाल, सरोज अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।