मंडलायुक्त और डीआईजी ने थाना दिवस पर निरीक्षण किया
आगरा मंडल के नवनियुक्त मंडलायुक्त चंद्रकांत त्रिपाठी एवं डीआईजी अजय मोहन शर्मा शनिवार को थाना दिवस के दौरान थाना उत्तर और रामगढ़ पहुंच गए। इस दौरान शिकायत रजिस्टर को जांचा। इस दौरान रामगढ़ थाने में मुंशी स्वयं अपना लिखा तक नहीं पढ़ सका। मंडलायुक्त ने मुंशी को फटकार लगाई। शिकायतें सुनी, रजिस्टर देखा एवं निस्तारण की प्रक्रिया देखी। डीएम, एसपी और थाना प्रभारी को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आदेश दिए।
शनिवार को आयोजित थाना दिवस का निरीक्षण करने मंडलायुक्त चंद्रकांत त्रिपाठी और डीआईजी अजय मोहन शर्मा दोपहर 12.30 बजे थाना उत्तर पहुंचे। डीएम निधि केसरवानी और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शर्मा ने उनकी अगवानी की। उन्होंने थाना उत्तर प्रांगण में तहसील दिवस के साथ थाना दिवस में आने वाली शिकायतों के तैयार रजिस्टर को देखा। काफी देर तक रजिस्टर की शिकायतें सुनने के साथ कैसे निस्तारण किया गया? इसको देखा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक उत्तर शशिकांत शर्मा से निस्तारण के संबंध में सवाल-जवाब भी किए। मंडलायुक्त ने थाना उत्तर की शिकायतों की निस्तारण की प्रक्रिया की तारीफ की। मंडलायुक्त के समक्ष टूंडला के नगला तेजा अनवारा निवासी कुसुमा देवी ने शिकायत की कि कुछ लोग उसकी भूमि पर कब्जा कर रहे हैं। डीएम निधि केसरवानी ने सुनवाई करते हुए टूंडला एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना उत्तर का निरीक्षण करने के बाद मंडलायुक्त और डीआईजी रामगढ़ थाना पहुंचे। यहां थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार ने अगवानी की। मंडलायुक्त ने शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर को देखा तो उसमें मुंशी मुकेश कुमार अपनी निस्तारण की लिखी भाषा नहीं पढ़ सके। मंडलायुक्त ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने शिकायत रजिस्टर को देखने के साथ ही सुधार की हिदायत दी।