उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डीएपी को लेकर चल रही किल्लत को देखते हुए कृषि विभाग सजग है। इसी क्रम में बुधवार को जिला कृषि अधिकारी ने छापामार कार्रवाई की। ग्राम तिलियानी में पूर्व सचिव के घर से ट्रैक्टर से उतारी जा रही 120 बोरी डीएपी बरामद हुई। जिसे जब्त कर कठफोरी चौकी पुलिस को सौंपी गई। साथ ही नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
मंगलवार की रात सूचना मिली कि चिलासनी गांव में पूर्व सचिव प्रवीन के घर अवैध रूप से डीएपी उतारी जा रही है। इस पर जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने एसडीएम सिरसागंज को साथ लेकर टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पुलिस फोर्स बुलाया।
मौके पर देखा कि ड़ीएपी के 120 बैग इफ्को के ट्रैक्टर से उतारे जा रहे थे। एसडीएम एवं जिला कृषि अधिकारी के द्वारा पकड़ी गई डीएपी के बारे में पूर्व सचिव प्रवीन ने बताया कि वह आज लगी रैक से सीधे लेकर आया है। लेकिन, मौके पर कोई भी अभिलेख वह नहीं दिखा सका।
इसके कारण पूरी डीएपी को जब्त करके कठफोरी पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दी। इस मामले में अभी और जांच की जा रही है। आखिर डीएपी की बोरियां कहां से गई, उसका पता लगाने के साथ ही मुकदमा दर्जकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से आह्वान किया है कि वह जरूरत के अनुरूप ही डीएपी लें। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।