Firozabad: सपा प्रत्यासी के बस्ते पर बिखरीं पड़ीं मतदाता सूची की प्रतियां।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मतदान के दौरान वार्ड संख्या 63 मोहल्ला छपरिया में के मतदान केंद्र फौरन सिंह शांति देवी इंटर कॉलेज पर सपा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों में विवाद हो गया। सपा समर्थकों का आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी ने उनके हाथ में लगी मतदाता पर्चियों को फाड़ दिया। मौके पर पहुंची थाना रसूलपुर पुलिस ने लाठी फटकार कर दोनों पक्षों को तितर-बितर किया।
फौरन सिंह-शांति देवी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र का मामला
घटना बृहस्पतिवार करीब साढ़े दस बजे की है। वार्ड संख्या 63 मोहल्ला छपरिया के मतदाताओं को मतदान के लिए फौरन सिंह-शांति देवी इंटर कॉलेज को मतदान केंद्र बनाया गया था। सपा प्रत्याशी रिजवान के समर्थकों व पोलिंग एजेंट का निर्दलीय प्रत्याशी पवन कुमार के समर्थकों से विवाद हो गया।
हंगामा करने वालों में भगदड़ मच गई
मतदान पर्ची को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने मतदान करने आए लोगों के हाथ से मतदान पर्ची छीन लीं। इसके बाद फाड़ कर फेंक दी। हंगामा बढ़ा तो थाना रसूलपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख हंगामा करने वाले लोगों में भगदड़ मच गई। भगदड़ के दौरान कई बुजुर्ग मतदाता चुटहिल हो गए।