बोलने में असमर्थ लेकिन कर गुजरने की काबलियत रखने वाले मूक बधिरों का राज्यपाल ने उत्साहवर्धन किया। मंच पर प्रतिभाओं का सम्मान कर उनमें आत्मविश्वास भरा तो प्रेरणा देकर नई ऊर्जा का संचार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना की तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कुशल नेतृत्व पर भी बात की।
रविवार को प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक सुबह 10.50 बजे हेलीकाप्टर से फीरोजाबाद के सीएल जैन कालेज मैदान पर पहुंचे। वहां जिलाधिकारी निधि केसरवानी और एसएसपी अशोक कुमार ने राज्यपाल की अगुवाई की। सदर विधायक मनीष असीजा ने बुके देकर उनका आगमन पर स्वागत किया। इसके बार राज्यपाल ने फीरोजाबाद मूक बधिर मित्र क्लब द्वारा पालीवाल हाल में आयोजित दसवें वार्षिकोत्सव समारोह में शिरकत की। यहां कार्यक्रम आयोजकों ने माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने मूक बधिर प्रतिभाओं और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रामनाईक ने कहा कि 16 वर्ष के बाद फीरोजाबाद आने का मौका मिला। इतने वर्षों में शहर में बड़े बदलाव नजर आए। तब शिकायतें सुनने आया था, लेकिन आज अभिनंदन लेकर जा रहा हूं। जब से पेट्रोलियम मंत्रालय अलग हुआ तब से आज तक मैं (रामनाईक) लगातार पांच वर्ष मंत्री रहा। उन्होंने कहा कि हमें खुशी है कि जो बच्चे सुन नहीं सकते, बोल नहीं सकते लेकिन अच्छा संदेश दे सकते हैं।
इस दौरान राज्यपाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तारीफ करते नजर आए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कहा कि विकलांगों में एक और ताकत होती है, इसलिए इन्हें विकलांग नहीं बल्कि दिव्यांग कहा। वहीं पूर्ववर्ती सरकार के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के कई फैसलों और उनकी सफलता की चर्चा भी की। इससे पूर्व राज्यपाल ने छह खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विधायक मनीष असीजा ने कहा प्रदेश के राज्यपाल ने पेट्रोलियम मंत्री रहते हुए फीरोजाबाद के कांच उद्योग को नेचुरल गैस दी। उन्होंने मूक बधिरों को ड्राइविंग लाइसेंस दिलाए जाने, राजकीय कालेज की स्थापना की मांग राज्यपाल के समक्ष रखी। मूक बधिर स्कूल दबरई के बच्चों ने कन्या भ्रूण हत्या पर नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी। माताप्रसाद कलावती देवी की बालिकाओं ने वंदेमातरम गीत व राष्ट्रगान गाया। यूपी रत्न चक्रेश जैन ने राधाकृष्ण की प्रतिमा भेंट की। संचालन सत्यवीर गुप्ता ने किया। इस दौरान क्लब के टीनाकांत गुप्ता, शैलेंद्र गुप्त शैली, सुशील कांत गुप्ता, कपिल गुप्ता, ललिता गुप्ता आदि मौजूद थे।
राज्यपाल ने इन्हें किया सम्मानित
फीरोजाबाद मूक बधिर मित्र क्लब के दसवें वार्षिकोत्सव में बैडमिंटन खिलाड़ी गौरांशी शर्मा (भोपाल), बालीवाल के खिलाड़ी नीरज सिंह (इलाहाबाद), कुश्ती में अब्दुल शमद (भोपाल), शतरंज कुमारी मालिका (जालंधर) तथा क्रिकेट की विजेता टीम के कप्तान रनवीर सिंह (नोएडा) व उपविजेता टीम के कप्तान राजकुमार सिंह (लखनऊ) को सम्मानित किया।
फीरोजाबाद को दो बार फैजाबाद बोले
राज्यपाल ने अपने संबोधन की शुरूआत के दौरान फीरोजाबाद को दो बार फैजाबाद बोल दिया, मंच से किसी ने याद दिलाया तो बोले फीरोजाबाद व फैजाबाद की अपनी एक विशेषता है। लेकिन अब गलती हो गई तो हो गई।
राज्यपाल ने नहीं किया दीप प्रज्ज्वलन
राज्यपाल पालीवाल हाल से सीधे सरस्वती शिशु मंदिर गौशाला पहुंचें। शिशु मंदिर में बने एक हाल का शुभारंभ राज्यपाल से कराने का प्रयास किया। राज्यपाल ने दीप प्रज्ज्वलन से मना कर दिया। इसके कारण कार्यक्रम को आयोजित करने वालों को मायूसी हाथ लगी।
पंप चालकों ने सौंपा ज्ञापन, अभाविप को रखा दूर
फीरोजाबाद। पंप चालक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंप कर 2011 से अब तक बकाया वेतन देने तथा पंप चालकों को नियमित करने की मांग की। इस दौरान संघ अध्यक्ष श्रीकृष्णवीर सिंह, महामंत्री विशाल दीक्षित, मनोज यादव, धर्मेंद्र यादव, संजय यादव, नवीन यादव, धीरेंद्र पंडित, मनोज यादव, दीपक वाल्मीकि, महेंद्र प्रताप सिंह, संदीप चौधरी शामिल रहे। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को राज्यपाल को ज्ञापन देने का मौका नहीं दिया गया आक्रोशित छात्रों ने गेट पर नारेबाजी की।