सुपारी किलर दिलीप यादव उर्फ पीटर गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सुपारी किलर दिलीप यादव उर्फ पीटर को दक्षिण पुलिस ने मुकेश नगर थाना विवेक विहार दिल्ली ईस्ट से गिरफ्तार कर लिया। पीटर पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पीटर पर नौ मुकदमे दर्ज है। इसमें आगरा का चर्चित शैल कुंद्रा हत्याकांड और आगरा के बिल्डर पवन चौहान की हत्या भी शामिल है। वह वर्ष 2014 से फरार था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि दिलीप यादव उर्फ पीटर दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती कुआं वाली गली का निवासी है। इसने अपने भाइयों के साथ नई बस्ती निवासी ट्रांसपोर्टर संजय जैन उर्फ हप्पू की 17 अगस्त 2014 की शाम सुहागनगर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पीटर के भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन पीटर पुलिस के हाथ नहीं लग सका था। इसके बाद आरोपी पीटर ने 29 नंवबर 2014 को आगरा के थाना सिकंदरा थाना क्षेत्र में बिल्डर पवन चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। एक मई 2016 को नई बस्ती निवासी गोपाल मिश्रा की फिरौती के लिए अपहरण करने के बाद हत्या कर शव नगला सिंघी थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे फेंक दिया था। इसके बाद से पीटर फरार था। उन्होंने बताया कि 30 मई 2009 तेजपाल की हत्या के बाद 13 दिसंबर 2009 में आगरा के चर्चित शैल कुंद्रा हत्याकांड को भी उसने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था। मामले में आगरा की शाहगंज पुलिस ने पीटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था लेकिन जेल से जमानत पर आने के बाद पीटर पेशेवर अपराधी बनने के साथ ही सुपारी लेकर मर्डर करने लगा। जेल से बाहर आते ही उसने लगातार हत्या, लूट, अपहरण जैसी वारदातों को अंजाम दिया। इसके चलते आगरा और फीरोजाबाद के व्यापारियों में इसका खौफ बढ़ गया। इसी खौफ का फायदा उठाकर वह आगरा और फीरोजाबाद के व्यापारियों से चौथ वसूली भी करा रहा था। इसकी दक्षिण थाने में एचएस भी खुली है।
इन्हें मिलेगा इनाम
एसएसपी ने कोतवाल दक्षिण श्रीप्रकाश चंद्र यादव, एसओजी प्रभारी नरेंद्र कुमार, सिपाही अरुण कुमार, मोहम्मद रजा, दिनेश, राहुल, मुकेश, धीरज, संदीप और अशीष को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
यह मुकदमे भी हैं दर्ज
वार्ता के दौरान एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि शैल कुंद्रा हत्याकांड के बाद जमानत पर आया पीटर एक युवती को बहला फुसलाकर अगवा कर ले गया था। इसका मुकदमा दक्षिण कोतवाली में दर्ज है। साथ ही पीटर पर गैंगस्टर के साथ 174ए और 147, 148, 387 तथा 506 के तहत मुकदमे दर्ज है।