जिले में चेतक मोबाइल गाड़ियों की संख्या बढ़ा दी गई है। डायल 100 पर तैनात किए गए सिपाहियों को हाईटेक बनाते हुए सीयूजी नंबर भी जारी किए गए हैं। एसएसपी अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर चेतक मोबाइल के सिपाहियों को रवाना किया।
रविवार को पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन मैदान में चेतक और पेट्रोलिंग पुलिसकर्मियों को सीयूजी नंबर प्रदान करने के साथ ही हेलमेट उपलब्ध कराए। इससे जवानों की सुरक्षा के साथ वह सीयूजी नंबर पर घटना की जानकारी थानेदार और वरिष्ठ अधिकारियों को दे सकें। इसके साथ ही चेतक मोबाइल के सीयूजी नंबरों को उनके हल्का क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पहल की जाएगी।
इससे क्षेत्र में होने वाली हर गतिविधि के साथ छोटे छोटे विवादों की जानकारी पुलिस को समय रहते मिल सके और पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कस सके। सीयूजी नंबरों का वितरण करने के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि जनता की अधिक नजदीकियां थानेदारों से ज्यादा सिपाहियों से होती है। इसलिए सिपाहियों को जागरूक करने के साथ ही जनता से मधुर संबंध बनाने की पहल की जाएगी। इसके साथ पेट्रोलिंग कारों पर अधिकारियों के नंबरों के साथ थानेदार का नंबर भी अंकित कर दिया गया है।