विश्व मधुमेह दिवस पर डॉ. प्रवीन अग्रवाल डायबिटीज क्लीनिक पर डायबिटीज जन चेतना अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएमओ डॉ. भरत सोनकर ने हरी झंडी दिखाकर जन चेतना रैली की शुरुआत की। एडीएम कर्मेंद्र सिंह ने फीता काटा। विशेषज्ञों ने डायबिटीज से लड़ने के लिए लोगों में जागरूकता का संदेश दिया।
रैली फीरोजाबाद क्लब चौराहे से शुरू हुई। जो जलेसर रोड, सेंट्रल चौराहा, बाग छिगांमल, बस स्टैंड, सुभाष चौराहे होते हुए क्लीनिक पर संपन्न हुई। डायबिटीज जन चेतना प्रदर्शनी का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट ने किया। तदुपरांत आयोजित गोष्ठी की शुरुआत नगर आयुक्त रामौतार रमन ने की। डॉ. प्रवीन गुप्ता ने कहा कि डायबिटीज विश्व में सबसे तेजी से बढ़ने वाली बीमारी है। इस समय विश्व में करीब 38 करोड़ मरीज डायबिटीज से ग्रसित हैं। यह बीमारी एक बार होने के बाद जीवन पर्यंत खत्म नहीं होती। इस बीमारी के खिलाफ एकजुट होकर सघन अभियान चलाने की जरूरत है। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाशचंद्र पालीवाल ने भी डायबिटीज के बारे में बताया। डॉ. सुशील गुप्ता ने भी प्रकाश डाला। सीएमओ ने राष्ट्रीय मधुमेह कार्यक्रम के बारे में बताया। सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह ने अभियान की प्रशंसा की। संचालन डॉ. आरके पांडे, डॉ. अविनाश पालीवाल, डॉ. गौरव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान डॉ. दीपक गुप्ता, डॉ. विनोद, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. एलके गुप्ता मौजूद रहे। वहीं, जिला अस्पताल में एनसीडी क्लीनिक पर डायबिटीज कैंप का आयोजन हुआ। सीएमएस डॉ. अजय शुक्ला ने कार्यक्रम की शुरुआत की। डॉ. राजीव ने सेवा प्रदान की। सैकड़ों मरीजों ने फायदा उठाया।