फिरोजाबाद। पांच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन धनतेरस पर बाजार में जमकर धनवर्षा हुई। बर्तन बाजार में देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी। सराफा की दुकानों पर सोने-चांदी के आभूषण, डॉलर के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की बिक्री हुई।
ऑटोमाबाइल सेक्टर भी खूब चमका। शहर से लेकर देहात में मोटर साइकिल शोरूम से एक ही दिन में 1200 से अधिक बाइक की बिक्री हुई। जानकारों के अनुसार पूरे जनपद में धनतेरस पर अनुमानित एक अरब से अधिक का कारोबार हुआ।
धनतेरस पर बाजार में दुकानें दुल्हन की तरह सजी नजर आईं। लाखों का कारोबार होने की उम्मीद में व्यापारियों ने दुकानों को रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक सजावट की। धनतेरस के दिन सुबह से ही बाजार में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी।
धनतेरस की खरीदारी के चलते गांधीपार्क, सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा, सदर बाजार, घंटाघर, छोटा चौराहा, नालबंद चौराहा, जलेसर रोड, कोटला रोड, सुहाग नगर, सहित अन्य बाजारों में लोगों ने धनतेरस पर जमकर खरीदारी की। बाजार में खरीदारी के चलते ग्राहकों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। घंटाघर स्थित बर्तन वाली गली में ग्राहकों ने लाखों रुपये के बर्तनों की खरीदारी की।
सराफा बाजार में पचास करोड़ से अधिक का कारोबार
फिरोजाबाद। धनतेरस पर बाजार में सराफा बाजार में रौनक नजर आई। पूरे जिले में अनुमानित पचास करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। लोगों ने एडवांस बुुकिंग करा दी थी लेकिन सामान शुक्रवार को धनतेरस पर उठाया। 10 ग्राम चांदी का सिक्का 480 रुपये और 10 ग्राम डालर का सिक्का 530 रुपये का बिका। 10 ग्राम सोना 39, 100 तथा एक किलो चांदी 4800 है।
सीता ज्वैलर्स के स्वामी सुनील अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा सोने-चांदी के रेट में बड़ा अंतर है। डालर के साथ चांदी के गणेश-लक्ष्मी, चांदी के सिकों की डिमांड रही। जिन घरों में शादियां हैं, वो भी धनतेरस पर सोने के आभूषण ले गए। सोना के दाम ज्यादा है तो आभूषण भी हल्की रेंज में अधिक बिके।
ऑटोमोबाइल मार्केट में बूम, 15 करोड़ से अधिक का कारोबार
फिरोजाबाद। धनतेरस पर बाइक शोरूमों पर नई बाइक खरीदने के लिए देर शाम तक भीड़ नजर आई। गोल्डन हीरो के शोरूम मैनेजर मुकेश सैनी ने बताया कि करीब 550 मोटर उठ चुकी हैं। कई ग्राहक तो बुकिंग भी करा गए हैं। पीताबंरा मोटर बछगांव के संचालक मनोज शर्मा ने बताया कि 106 मोटर साइकिल की बिक्री धनतेरस पर हुई है। अन्य शोरूमों पर भी मोटर साइकिल खरीदने वाले ग्राहकों की भीड़ रही। पूरे जिले में आटो मोबाइल बजार में 15 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ।
15 करोड़ का इलेक्टोनिक्स आइटमों का कारोबार
धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक की दुकानों पर एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, माइक्रोवेव की सर्वाधिक डिमांड रही। ग्राहकों की पहली पसंद बड़े साइज के एलईडी रहे। कंपनियों ने हर आइटम की खरीद पर वाईफाई कनेक्शन सात महीने के नेट के साथ, हार्ड डिस्क, 16 जीबी पेन ड्राइव, पावर बैंक जैसे महंगे गिफ्ट भी दिए गए। वहीं, मोबाइल पर की दुकानों पर भी खरीदारी हुई। दीपावली सीजन के लिए आकर्षक पैकेज भी कंपनियों ने दिए हैं। इलेक्ट्रोनिक्स आयटमों एवं गैजेट्स में अनुमानित 15 करोड़ का करोबार हुआ। फर्नीचर का सामान भी खूब बिका।
गिफ्ट और कपड़ा बाजार में रौनक
गिफ्ट बाजार में रौनक नजर आई। आकर्षक पैकिंग में गिफ्ट आइटम खूब बिके। लोगों ने क्राकरी, ड्राई फ्रूड्स खूब खरीदे। मिठाइयों के गिफ्ट पैक भी खरीदे। स्टेशन रोड स्थित शोरूमों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। रेडिमेड कपड़ा मार्केट में भी चहलपहल नजर आई। गिफ्ट और कपड़ा बाजार में करीब पांच करोड़ का कारोबार हुआ।
बर्तन बाजार में रौनक नजर आई
ग्राहकों ने धनतेरस पर स्टील के बर्तन खरीदने को प्राथमिकता दी। वहीं स्टील में भी फैंसी आयटम सर्वाधिक बिके। नॉन स्टिक, फ्राइपेन, कढ़ाई, तवा व अन्य आइटमों की जमकर खरीदारी हुई। बर्तन व्यापारी मुकेश जैन ने ब,ाया कि स्टील 140 से लेकर 550 रुपये प्रति किलोग्राम है। वहीं पीतल भी 700 रुपये प्रतिकिलो तक है। नॉनस्टिक आइटमों की खरीद पर गिफ्ट दिया जा रहा है। गोदामों, कारखानों में उपहार बांटने के लिए बर्तन खरीदने के लिए लोग पहुंचे। बर्तन बाजार में पांच करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
जाम के बने रहे हालात
फिरोजाबाद। दोपहर के बाद से ही बाजार में जाम के हालत हो गए। दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही। वहीं, सदर बाजार, गांधी पार्क, गंज मोहल्ला में दोपहर से लेकर रात्रि तक जाम की स्थिति बनीं रहे। लोगों का निकलना मुश्किल हो गया था।