फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने मंगलवार को आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में जन शिकायतों के निस्तारण (आईजीआरएस) में फिरोजाबाद की पुलिस कार्यशैली की सराहना की है। यह सफलता एसएसपी सौरभ दीक्षित द्वारा चलाए गए व्यवस्थित और प्रभावी निस्तारण अभियान का नतीजा है।
एसएसपी सौरभ दीक्षित ने जिले को मिली प्रशंसा के बाद आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम को सम्मानित करने का फैसला लिया। आईजीआरएस सेल प्रभारी उमेशचंद शर्मा को प्रशस्ति पत्र और 2 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की। इसके अलावा आईजीआरएस सेल के कर्मी रजत, अभिषेक, दीपा, सुधा को भी नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि उन्होंने आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए एक सख्त प्रोटोकॉल लागू कर रखा है। सभी थानेदारों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अलर्ट किया गया है। प्रत्येक दिन थानेदार और उनकी टीम सीधे शिकायतकर्ता के पास जाती है और शिकायत का मौके पर निस्तारण करती है। निस्तारण के बाद, शिकायतकर्ता से संतुष्टि का फीडबैक भी लिया जाता है।