फिरोजाबाद। रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरजीवन नगर निवासी देवेंद्र की मौत का कारण सिर में चोट लगना आया। पत्नी ने सिर में डंडा मारकर पति की हत्या की थी। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। इससे घटना का खुलासा जल्द किया जा सके।
देवेंद्र की शादी चार माह पूर्व 12 मई को रिचा के साथ हुई थी। रिचा मूलरुप से कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के गांव बरगदियापुर की रहने वाली है। रविवार रात देवेंद्र अपनी पत्नी रिचा के साथ कमरे के अंदर सो रहा था।
देर रात रिचा ने पति देवेंद्र के सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी थी। परिजन जब देवेंद्र के कमरे में पहुंचे थे तो उसका शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में देवेंद्र की मौत का कारण सिर में चोट लगना आया है। थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा ने बताया कि देवेंद्र की पत्नी से पूछताछ की जा रही है। मृतक देवेंद्र के पिता की तहरीर पर देवेंद्र की पत्नी और उसके बहनोई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। रिचा के बहनोई की भी तलाश की जा रही है।