फिरोजाबाद। जिला पंचायत की 31 जनवरी को होने वाली बैठक में दो अरब से अधिक के विकास कायों को हरी झंडी प्रदान की जाएगी। इसमें वीबी जी राम-जी (मनरेगा) का करीब डेढ़ अरब की 2026-27 की नई कार्ययोजना को हरी झंडी प्रदान की जाएगी। वहीं जिला पंचायत के कार्यों का भी अनुमोदन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है।
जिला पंचायत की अध्यक्ष हर्षिता सिंह की अध्यक्षता में 31 दिसंबर को बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में जिला पंचायत की ओर से बीते वर्ष विकास कार्यों में खर्च की गई धनराशि का अनुमोदन किए जाने के साथ-साथ जिला पंचायत के द्वारा 2026-27 में कराए जाने वाले विकास कार्यों के साथ-साथ नए अनुमोदन पर भी मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले की 564 ग्राम पंचायतों में वीबी जी-राम-जी (मनरेगा) योजना के माध्यम से कराए जाने वाले करीब डेढ़ अरब से अधिक के विकास कार्यों को हरी झंडी प्रदान की जाएगी। जिला पंचायत की ओर से ग्रामीण अंचल में नदियों एवं उनके तट के किनारे से बालू, मोरंग, रेत या अन्य खनिजों के लिए चलने वाले वाहन ट्रैक्टर डंफर के साथ नौका आदि पर भी उपकर लगाए जाने का प्रावधान किया जाएगा। इसके साथ-साथ टोल प्लाजा,गैस प्लांट, ईट, गिट्टी एवं बालू आदि पर उपकर लगाए जाने पर मंथन किया जाएगा। डीएम रमेश रंजन के निर्देशन में जिले में कराए जाने वाले विकास कार्य की कार्ययोजना बनाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।