फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: निजी पैथाेलॉजी में 1000 से 1200 रुपये में डेंगू की जांच

Sat, 16 Sep 2023 12:13 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फिरोजाबाद। डेंगू का प्रकोप एक बार फिर मरीजों पर भारी पड़ रहा है। पैथोलॉजी में डेंगू की जांच के लिए कोई रेट स्वास्थ्य विभाग ने सार्वजनिक नहीं किए हैं। इसके कारण निजी पैथोलॉजी सेंटर पर अलग-अलग रेट वसूले जा रहे हैं। 250 रुपये की रैपिड किट की जांच के एक हजार रुपये से 1200 रुपये वसूल किए जा रहे हैं। जबकि मेडिकल कॉलेज में यह जांच फ्री होती है। ऐसे में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अस्पताल के सामने स्थित निजी पैथोलॉजी पर डेंगू की जांच के बारे में पता किया गया तो 1200 रुपये फीस बताई गई। एक घंटे में रिपोर्ट की बात बताई गई। इसके बाद आसफाबाद के पास पैथोलॉजी सेंटर पर डेंगू की जांच की कीमत 1000 रुपये बताई गई। यही नहीं, बस स्टैंड स्थित पैथोलॉजी सेंटर पर 900 रुपये मेें डेंगू की जांच की बात कही गई।
विज्ञापन

दरअसल, डेंगू का डर लोगों के मन में इस कदर है कि हल्का सा बुखार होने पर लोग डेंगू की जांच कराने के लिए पहुंचने लगे हैं। बुखार में डेंगू जैसे लक्षण भी मिलते जुलते हैं। ऐसे में इसका फायदा निजी पैथोलॉजी सेंटर उठा रहे हैं। निजी पैथोलॉजी में रैपिड किट से होने वाली जांच के आधार पर रिपोर्ट दी जा रही है। जबकि स्वास्थ्य विभाग इस जांच को मानता भी नहीं है। बिना एलाइजा जांच के रिपोर्ट अधूरी मानी जाती है। ऐसे में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-
मेडिकल काॅलेज में लंबी कतार, दूसरे दिन मिलती है जांच
मेडिकल कॉलेज में डेंगू की जांच फ्री होती है लेकिन, यहां पर एक बड़ी समस्या है। दरअसल, सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली ओपीडी दोपहर दो बजे तक रहती है। लेकिन, जांच के लिए पंजीकरण सिर्फ दोपहर 12 बजे तक ही किया जाता है। इसकी रिपोर्ट अगले दिन दो बजे तक दी जाती है। जिसके कारण वह निजी पैथोलॉजी पर जांच कराने को विवश होते हैं।
विज्ञापन

-
फैक्ट फाइल
जिले में डेंगू के मरीज- 102

निजी पैथोलॉजी डेंगू की जांच के नाम पर मनमाना रेट नहीं वसूल सकते। इसके लिए रेट का निर्धारण जल्द ही किया जा रहा है। यदि कोई मनमाना रेट वसूल रहा है तो शिकायत मिलने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल में एलाइजा जांच की सुविधा फ्री है। लोग सरकारी अस्पताल में ही जांच कराएं।
डाॅ. रामबदन राम , सीएमओ
-
डेंगू व मलेरिया के लक्षण
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विष्णु रावत ने बताया कि मलेरिया में ठंड, कंपकंपी के साथ निश्चित अंतराज पर बुखार आता है। जबकि डेंगू में बुखार लगातार बना रहता है। इसके में हड्डियों व जोड़ों में असनीय दर्द होता है। मांसपेसियों में तनाव रहता है। डेंगू में लीवर सूजन आने के साथ पेट के दाहिनी तरफ दर्द होता है। डेंगू में प्लेटलेट्स घट जाता है जिससे शरीर में लाल रंग के छोटे चकत्ते पड़ जाते हैं। इसके साथ ही आंखों के पास चकत्ते पड़ जाते हैं। पेशाब या मल में खून भी आ सकता है। मलेरिया में अधिक बुखार आने से झटके लगते हैं जिससे बेहोशी की भी समस्या हो सकती है। इन लक्षणों के होने पर तत्काल चिकित्सक के पास जाएं।
-
ऐसे करें बचाव
टायर, गमला, कूलर में पानी इकट्ठा न होने दें। नालियों की सफाई करते रहें। क्योंकि ठहरे हुए पानी में मच्छर पनपते हैं। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। फुल आस्तीन के कपड़े पहनें। आसपास साफ-सफाई रखें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें