फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में खेत का बयाना देने के बाद भी बैनामा नहीं कराया गया। बैनामा की बात पर आरोपी ने फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला संतोष नगर निवासी सुबोध और प्रमोद की जमीन गांव नैपई में है। वर्ष 2015 में जमीन की बिक्री का सौदा नैपई निवासी राम सिंह से 18.80 लाख में हुआ था। पीड़ित ने 5.80 लाख रुपये बयाना दे दिया। आरोपी बैनामा करने में टालमटोल करता रहा। दबाव बनाने पर फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर राम सिंह, एवरन सिंह, अमर सिंह, प्रेम सिंह, विकास और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी रामगढ़ रवि त्यागी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।