नारखी(फिरोजाबाद)। थाना नारखी के डोरसा मोहम्मदपुर निवासी गर्भवती घर पर गिरकर घायल हो गई। उपचार नहीं मिलने के कारण गर्भवती की मौत हो गई। आरोप है कि गंभीर हालत में परिजन गर्भवती को लेकर निजी और सरकारी अस्पतालों में भटकते रहे लेकिन उपचार नहीं मिला। थाना नारखी के डोरसा मोहम्मदपुुर निवासी रेनू सिंह (28) पत्नी जगतपाल सिंह गर्भवती थी। सोमवार को वह घर पर काम करने के दौरान गिर गई। गर्भधारण का पूरा समय होने के कारण महिला की हालत बिगड़ गई।
आनन-फानन में परिजन जगतपाल रेनू को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उपचार करने से इंकार करते हुए पहले से उपचार चलने वाले अस्पताल ले जाने को कह दिया गया। इसके बाद परिजन रेनू को लेकर स्टेशन रोड स्थित अस्पताल ले गए लेकिन यहां भी इलाज नहीं मिला। परिजनों ने बताया कि परिजनों ने दबरई स्थित सीएमओ कार्यालय में भी फरियाद लगाई लेकिन वहां भी कोई राहत नहीं मिली। मंगलवार शाम रेनू की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि रेनू गर्भवती होने के साथ समय पूरा हो गया था। मृतका रेनू देवी के पहला बच्चा पांच वर्षीय बेटी हिमांशी है।