फिरोजाबाद। मटसेना थाना क्षेत्र के गांव पीथनी में ससुरालीजनों ने महिला की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को चिता से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। पुलिस ने मायका पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मैनपुरी के औछा थाना क्षेत्र के गांव पडरिया निवासी मीना देवी ने अपनी पुत्री नारायण देवी का विवाह सात वर्ष पूर्व थाना मटसेेना थाना क्षेत्र के गांव पीथनी निवासी प्रमोद के साथ किया था। आरोप है कि सोमवार को नारायण देवी की हत्या कर घर से करीब दो सौ मीटर दूर खेत में उसकी चिता लगाकर आग लगा दी। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने नारायण देवी की मां मीना देवी को फोन पर दी। बेटी की हत्या कर शव जलाने की सूचना पर मीना देवी परिवार के लोगों के साथ बेटी के गांव पहुंची। बेटी के शव को चिता से निकालने के लिए पीड़िता ने मटसेना थाना पुलिस को सूचना देकर पूरे मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिवारीजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को चिता से बाहर निकाला। इस बीच 70 प्रतिशत शव जल चुका था। अध जले शव को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। उधर देर रात मटसेना थाना पुलिस ने मृतका की मां मीना देवी की तहरीर पर पति प्रमोद, ससुर लाखन सिंह, सास गायत्री देवी व देवर समोद कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष मटसेना विनय कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे है।