रेलवे कंपनी बाग खेल मैदान में चल रहे अखिल भारतीय स्वर्गीय हरीशंकर दीक्षित मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को दो क्वाटर फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच डीसीए फीरोजाबाद और रैना इलेविन ग्वालियर के मध्य तथा दूसरा मैच चाहर एकेडमी आगरा और तानसेन एकेडमी ग्वालियर के मध्य खेला गया। डीसीए ने रैना इलेविन को व चाहर एकेडमी ने तानसेन को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश पा लिया।
पहले क्वाटर फाइनल मैच में रैना इलेविन ग्वालियर के कप्तान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी डीसीए फीरोजाबाद ने मात्र 12 ओवरों में दो विकेट खोकर 117 रन बनाकर मैच जीतकर सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरा क्वाटर फाइनल मैच चाहर एकेडमी आगरा और तानसेन एकेडमी ग्वालियर के मध्य खेला गया। चाहर एकेडमी के कप्तान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी तानसेन एकेडमी ग्वालियर की टीम मात्र 128 रनों पर ही सिमट गई। चाहर एकेडमी आगरा ने 98 रनों से मैच जीतकर सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुख्य अतिथि शेखर चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। अंपायरिंग संजय मेवाती और प्रेम सागर ने की। स्कोरिंग अरविंद, नौशाद नजीर और अमित दीक्षित ने की। इस मौके पर देवेंद्र दीक्षित, प्रवीन कुमार, देवेंद्र चौधरी, पिंटू दीक्षित, संजीव दीक्षित, अतुल प्रताप, अजय राज दीक्षित, शैंकी दीक्षित आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।