संत रविदास नगर में सिलिंडर फटने से छतिग्रस्त हुआ मकान।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला रविदासनगर सैलई निवासी पवन कुमार के मकान में देर रात गैस सिलिंडर फटने से लगी आग से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर फायर विभाग की गाड़ी जब तक मौके पर पहुंची तब तक क्षेत्रीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। आग में करीब 45 हजार रुपये की नकदी, कपड़ों के साथ अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे में मकान की छत और दीवारें भी गिर गईं।
पवन कुमार पुत्र रविंद्र कुमार रविदासनगर सैलई में पत्नी गुड्डी देवी और ढाई साल की बेटी के साथ निवास करता है। मंगलवार दोपहर को पवन पत्नी के साथ अपनी ससुराल शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव उवटी गया था।
पवन के मकान में रखा गैस सिलिंडर रात करीब दो बजे तेज आवाज के साथ फट गया और आग लग गई। हादसा इतना भीषण था कि मकान की छत और दीवार भी गिर गई। जिसकी आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। तभी मोहल्लों के लोगों ने पवन के मकान से आग की लपटों को उठता देख आग पर काबू पाने के साथ ही फायर विभाग को सूचना दी। दमकल मौके पर पहुंची तब तक लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। उधर, आग की सूचना पर पवन परिवारीजनों के साथ घर आ गया। पवन ने बताया कि आग के कारण करीब 45 हजार रुपये की नकदी और साले की शादी के लिए खरीदा गया चढ़ावे का सामान, फ्रिज, एलईडी के साथ अन्य सामान जल गया। मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया।