फिरोजाबाद। डीएम डाॅ. उज्जवल कुमार ने कहा कि सीएसआईएस एप अब किसानों को शीतगृह में आलू भंडारण के लिए रिक्त स्थान की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न मंडियों के भाव बताने का भी काम करेगा। एप को और अपडेट करने के साथ प्रदेश व देश स्तर पर लागू करने की तैयारी की जा रही है। जिससे किसानों को इसका सीधे लाभ मिल सके। उन्होंने इंदौर में मिले अवार्ड के लिए जिले के किसानों व कोल्ड संचालकों को बधाई दी। डीएम सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के शीतगृह स्वामियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा शीतगृह सूचना प्रणाली एप फिरोजाबाद में तैयार हुआ और यह पूरे प्रदेश व देश के किसानों के लिए उपयोगी बन गया है। इससे प्रदेश व देश के किसान सूचना तकनीकी से सीधा जुड़ गया है। इसका फायदा आगे और अधिक होने वाला है। इसमें किसानों के सबसे नजदीक के कोल्ड स्टोर की जानकारी होने के साथ-साथ प्रदेश भर के सभी मंडियों में आलू के भाव की सूची अपडेट की जा रही है। इससे किसान अपने मनपसंद के कोल्ड स्टोरेज में आरक्षित की गई दिनांक पर बिना किसी लाइन लगाए आसानी से आलू रख सकता है। इसी प्रकार से प्रदेश की सभी सब्जी व आलू मंडियों का भाव लेकर अपना आलू महंगा कर बेच सकता है।
उन्होंने कहा इस प्रणाली को अभी और व्यापक किया जाएगा। यह शीतगृह स्वामियों व किसानों दोनों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण एप है। उन्होंने कहा कि जिले में तैयार किए गए सूचना प्रणाली एप को विकसित किया था। इसको राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया और इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद में तैयार की गई तकनीकी एप नेशनल ई गर्वनेंस अवार्ड प्राप्त मिला है। अवार्ड प्राप्त कर लौटे डीएम डाॅ. उज्ज्वल कुमार ने सबसे पहले जनपद के सभी किसानों व सभी शीतगृह स्वामियों का शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किसानों व शीतगृह स्वामियों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभाग के अफसरों को उसके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ दीक्षा जैन,डीएचओ डा. संजीव कुमार वर्मा,कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कोल्ड संचालक व आलू उत्पादक किसान मौजूद थे।
इंदौर में ई गर्वनेंस अवार्ड से सम्मानित
फिरोजाबाद। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जितेंद्र सिंह ने सीएसआईएस एप जैसी सूचना प्रणाली एप को विकसित किए जाने के लिए तत्कालीन जिलाधिकारी रवि रंजन, वर्तमान डीएम डॉ. उज्जवल कुमार,सीडीओ दीक्षा जैन व एप को तैयार करने वाले इंद्रपाल कुशवाह को गोल्ड मेडल, प्रमाणपत्र एवं दस लाख का चेक प्रदान करके सम्मानित किया था।