युवक की गोली मारकर हत्या, शव रुधऊ गांव में फेंका
- फोटो : Amar ujala
ग्रामीणों ने दी सूचना, शिनाख्त कराने में जुटी पुलिस
युवक की हत्या कर आरोपी शव को नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव रुधऊ के समीप फेंक कर फरार हो गए। बुधवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गए तो चादर में लपटे शव पर उनकी नजर गई। खेत में शव पड़ा होने की सूचना पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने मृतक की शिनाख्त के असफल प्रयास किए। सूचना पर थानाध्यक्ष नसीरपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। युवक की हत्या सिर में वजनदार वस्तु से प्रहार कर किए जाने की बात पुलिस ने की है। जबकि ग्रामीणों की मानें तो आरोपियों ने युवक के सिर में गोली मारी है। जिस स्थान पर शव पड़ा था। वहां कोई ऐसा साक्ष्य नहीं मिला, इससे यह पुष्टि हो सके कि युवक की हत्या इसी स्थान पर की गई है। इसलिए पुलिस का अनुमान है कि आरोपियों ने युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की है और शव को फेंक गए हैं। मृतक बदन पर एक नेकर पहने हुए है। थानाध्यक्ष नसीरपुर का कहना है शव को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। उसकी शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे है।