थाना उत्तर के कबीरनगर खेड़ा गांव में आई बरात पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला
थाना उत्तर के कबीरनगर खेड़ा गांव में आई बरात पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। मारपीट के साथ पथराव भी किया गया। इससे दूल्हा सहित कई लोग जख्मी हो गए। हमलावरों ने महिलाओं के पहने गहने भी नोंच लिए। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भागे। बाद में दहशत और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शादी की रस्में निभाई गई। घटना क्यों और किस रंजिश में हुई? इसका पता नहीं चल सका है।
थाना उत्तर क्षेत्र के कबीरनगर खेड़ा गांव निवासी राजकुमार राठौर की बेटी आरती की शादी गुरुवार को थी। राजस्थान के धौलपुर क्षेत्र के राजाखेड़ा गांव से बरात आई थी। रात करीब 10 बजे बैंडबाजे के साथ जैसे ही बरात द्वारपूजा के लिए पहुंची। बताया जाता है कि तभी पड़ोसी के घर में मौजूद दर्जनभर युवकों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए ईंट-पत्थर के हमले में दूल्हा जीतेंद्र सहित कई बराती घायल हो गए। वहीं पथराव के बाद उपद्रवी युवकों ने बरात में लाठी-डंडे से हमला किया। तोड़फोड़ की। आरोप है कि महिलाओं के पहने गहने भी नोंच लिए। इससे वहां अफरातफरी मच गई। आरोप है कि बवाल की सूचना पर आई पुलिस ने कन्यापक्ष के लोगों को ही डांटना शुरू किया, तो लोग भड़क उठे। हालांकि इसी बीच मौके पर पहुंचे थाना उत्तर के एसएचओ ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कोतवाल ने बताया कि घटना की जांच एवं हमलावरों की तलाश की जा रही है।