बारौठी की रस्म से पहले ही हर्ष फायरिंग के दौरान युवक को गोली लग गई। देर रात उसको अस्पताल लाया गया। बाद में उसे यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।
सिरसागंज के इटावा रोड स्थित सीएल वाटिका में शनिवार को शादी समारोह था। शिकोहाबाद के मैनपुरी रोड स्थित ओमनगर से बरात गई थी। इसमें ओमनगर निवासी आशीष भी गया था। बरात चढ़ने के दौरान एक व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इससे आशीष निवासी ओमनगर मैनपुरी रोड शिकोहाबाद को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से आगरा रेफर कर दिया गया। उधर घटना की सूचना पर सिरसागंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कोतवाल सिरसागंज ने बताया कि बरात इटावा रोड स्थित सीएल वाटिका में शिकोहाबाद के मोहल्ला ओमनगर से आई थी। हर्ष फायरिंग में आशीष को गोली लग गई। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं घटना के बाद शादी की रस्मों को आनन फानन में पूरा कर लड़की की विदाई कर दी गई।