आरोपी कमेटी संचालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
कमेटी (बीसी) के रुपये न देने का आरोप लगाते हुए कमेटी से जुड़े लोगों ने कमेटी संचालक को रविवार को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी कमेटी संचालक को पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ एक वर्ष पूर्व उत्तर पुलिस ने अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज था। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी कमेची संचालक ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करने के नाम पर हाथ खड़े कर दिए।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला 35 चौबे जी का बाग निवासी संजीव कुमार उर्फ सोनू पिछले कई साल से कमेटी (बीसी) डालता था। शहर के कई चूड़ी कारोबारियों के साथ अन्य कारोबारियों ने संजीव के यहां लाखों रुपये की कमेटी (बीसी) डाली थी। यह धनराशि करोड़ों में है। वर्ष 2016 के माह फरवरी में संजीव शहर से बाहर चला गया। इस पर हनुमान रोड चौबे जी का बाग निवासी कन्हैयालाल ने संजीव कुमार के खिलाफ उत्तर थाने में अमानत में खयानत का का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस आरोपी संजीव की गिरफ्तारी करती, इससे पूर्व ही वह हाईकोर्ट से स्टे ले आया। इसके चलते पुलिस आरोपी बीसी संचालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई नहीं कर सकी। रविवार सुबह संजीव घर पहुंचा तो लोगों ने उसे पकड़ लिया और पीटकर रसूलपुर थाने ले गए। मामला उत्तर थाने का था। ऐसे में रसूलपुर पुलिस ने आरोपी को थाना उत्तर भेज दिया। कोतवाल उत्तर का कहना है कि आरोपी के खिलाफ (406) अमानत में खयानत का मुकदमा पहले से दर्ज है। वह हाईकोर्ट से स्टे लिए हुए है। इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई न करते हुए छोड़ दिया गया है। न्यायालय के आदेश के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।