मंदिर में चेन तोड़ने की जानकारी देती पीड़िता।
नवरात्र के पहले दिन मां राज राजेश्वरी कैला देवी मंदिर पर जेबकटों से लेकर चेन स्नेचर तक सक्रिय रहे। मंदिर परिसर के अंदर एक महिला का मंगलसूत्र तोड़ लिया गया तो वहीं सास बहू के गले से सोने की चेन पार कर दी गई। वहीं एक युवक का पर्स भी पार किया गया। पीड़ितों ने मेला कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया है।
जलेसर रोड टापाकलां निवासी कामिनी अपने पति अरविंद के साथ मां कैला देवी मंदिर पर दर्शन करने आई थी। इस दौरान कामिनी के गले से मंगलसूत्र तोड़ लिया। पीड़िता ने आरोपी महिलाओं की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। वहीं नारखी थाना क्षेत्र के गांव लदपुरा निवासी महेश की पत्नी महादेवी अपनी पुत्रवधू रूबी पत्नी आशीष और बेटी के साथ दर्शन करने आई थी। तीनों महिलाएं दर्शन कर रही थी। तभी बदमाशों ने महादेवी और उसकी पुत्रवधू रूबी के गले से सोने की चेन तोड़ ली। वहीं बदमाश सुहागनगर निवासी सूरज प्रताप का पर्स भी पार कर ले गए। घटना का शिकार हुए मां के भक्तों ने शोरगुल करते हुए बदमाशों की तलाश भी की, लेकिन एक भी बदमाश हाथ नहीं आ सका। पर्स में पीड़ितों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास करने की बात कह रही है।
गहने पहनकर न आए महिला श्रद्धालु
मेला कोतवाल नीरज मिश्रा ने भक्तों से अपील की कि वह सोने की चेन, कुंडल, मंगलसूत्र आदि पहनकर मां के दर्शन को नहीं आए। इसके साथ ही पर्स में अधिक रुपये न रखकर जरूरी कागजों को घर पर छोड़कर आए। इससे उनके साथ कोई अप्रिय घटना न घट सके।
मंगला दर्शन के समय नहीं थे सुरक्षा के इंतजाम
फिरोजाबाद (ब्यूरो)। नवरात्र के पहले दिन मेला परिसर के बाहर किसी भी स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं गई। वहीं मेला परिसर के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी भी नजर नहीं आए। इसके चलते मेला परिसर में बाइकों को प्रवेश पर रोक नहीं लग सकी। मेला परिसर में बाइकों के प्रवेश के चलते पैदल आने जाने वाले श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतें हुई। जानकी बाजार के साथ कदम बाजार में भी दिन भर जाम के हालात रहे। भवन के अंदर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मात्र दो पुलिसकर्मियों को तैनात किए गए थे। टाट वाले बाबा मंदिर से आने वाले मार्ग पर पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। मां के दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह तीन बजे से ही मंदिर पर पहुंचना शुरू हो गई लेकिन दोपहर दो बजे तक महिला पुलिसकर्मियाें को महिला थाने से रवाना नहीं किया गया था।