शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बकाएदार का कनेक्शन काटने गई विद्युत निगम की टीम के साथ अभद्रता कर दी, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही विद्युत निगम के एसडीओ समेत कई कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
मामला थाना क्षेत्र के पक्का तालाब स्थित एक मॉडल शॉप पर बिजली बिल का लगभग डेढ़ लाख रुपये बकाया है। कई बार मॉडल शॉप स्वामी से धनराशि जमा कराने के लिए कहा गया, लेकिन बकाया जमा नहीं किया गया। इस पर रविवार दोपहर जेई स्वतंत्रदेव टीम के साथ दुकान पर पहुंचे और कनेक्शन काट दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर मॉडल शॉप स्वामी और दुकान पर बैठे एक युवक ने उनके साथ अभद्रता की।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और एक युवक को हिरासत में लेकर थाने आई। उधर घटना की जानकारी होते ही विद्युत निगम के एसडीओ मनीष कुमार अन्य जेई और स्टाफ के साथ थाना पहुंच गए और तहरीर दी। वहीं पीड़ित पक्ष का कहना है कि जेई बकाया होने पर कनेक्शन काटने के बहाने दुकान से शराब की बोतल ले जाते थे।
आज दोपहर दुकान पर भतीजा बैठा था, जिससे उसका विवाद हो गया। कनेक्शन काटने के बाद भी गाली-गलौज की, जिससे दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हो गई है। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि मामला दो पक्षों में मारपीट का है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।