फिरोजाबाद। लापता युवक का शव बसई मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह सोफीपुर के जंगल से बरामद किया। युवक का शव बरामद होने के साथ ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव सोफीपुर निवासी अमित कुमार निषाद (18) पुत्र रामनिवास बुधवार शाम करीब छह बजे घर से खाना खाकर निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। युवक के घर न लौटने पर परिवारीजनों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीण जंगल की तरफ गए तो वहां पर अमित का शव पड़ा देखा।
अमित का शव जंगल में पड़े होने की सूचना पर परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच सूचना पर थाना बसई मोहम्मदपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल पहुंचे परिवारीजन भी अमित की मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके है।
अमित तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह दूध का कारोबार करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। थानाध्यक्ष बसई मोहम्मदपुर का कहना है कि युवक के शव का शव सोफीपुर के जंगल में मिला था। पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।