फिरोजाबाद। शिकोहाबाद पुलिस और एसओजी टीम को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने नैनसुख जाने वाले मार्ग पर बदमाशों की घेराबंदी कर कुख्यात अपराधी अशोक दीक्षित गैंग के सक्रिय सदस्य एवं सुपारी किलर मनीष हापुड़िया सहित पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े अपराधी मैनपुरी के गुप्ता ज्वैलर्स के संचालक उमेश गुप्ता के यहां डकैती डालने की योजना बना रहे थे। डकैती में बाधक बनने वालों की हत्या करने का मंसूबा था। इनके कब्जे से दो डबल बैरल बंदूक, एक रायफल, दो तमंचा 50 कारतूस, एक कार एवं एक बाइक बरामद की है। न्यायालय के आदेश पर सभी को जेल भेजा है।
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शिकोहाबाद पुलिस को सूचना मिली कि नैनसुख जाने वाले मार्ग पर कार और बाइक में सवार बदमाश मैनपुरी में गुप्ता ज्वैलर्स के संचालक उमेश गुप्ता के यहां डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दिया फायरिंग का जवाब देते हुए टीम ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन मौके से भाग गए।
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में कुख्यात अपराधी अशोक दीक्षित (डी-27) गैंग के सक्रिय सदस्य मनीष हापुड़िया उर्फ मामा पुत्र शंकर सिंह हापुड़िया, हापुड़िया चौक मोहल्ला खेड़ा शिकोहाबाद, काजीटोला निवासी प्रवीन वर्मा पुत्र मिथिलेश वर्मा, थाना लाइनपार के कुर्रीकूपा निवासी कुलदीप यादव पुत्र प्रमोद कुमार यादव, शंकरपुरी निवासी दिलीप परिहार पुत्र अशोक सिंह व आदर्श नगर निवासी कल्ला उर्फ कल्लू पुत्र महेश शामिल है। जबकि भागे साथियों में शिकोहाबाद के मोनू उर्फ आशीष हापुड़िया, विनीत ठाकुर व आगरा के थाना मलपुरा के बरौली अहीर निवासी अशोक पुत्र नेत्रपाल सिंह बताए हैं।
बंदूक, रायफल और तमंचे मिले
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से फैक्टरी मेड दो डबल बैरल बंदूक, फैक्टरी मेड एक रायफल, नौ एमएम का तमंचा,12 बोर के तमंचा, 50 कारतूस 12 बोर, 315 बोर एव नौ एमएम, आई-20 कार एवं एक सफेद रंग की अपाचे बाइक बरामद की है। एसएसपी ने गिरफ्तार करने वाले टीम को 25 हजार पुरस्कार देने की घोषणा की। टीम में एसपी देहात राजेश कुमार के निर्देशन में सीओ बल्देव सिंह खनेड़ा तथा थाना प्रभारी शिकोहाबाद सुनील तोमर, एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह, एसएसआई अंजीश कुमार सहित कई सिपाही शामिल थे।
दस्यु अधिनियम के तहत दर्ज किया मामला
फिरोजाबाद। एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि कुख्यात अशोक दीक्षित गैंग के सक्रिय सदस्य होने के कारण इनके खिलाफ दस्यु प्रभावित क्षेत्र की धारा 15 के तहत भी मामला दर्ज किया है। फैक्टरी मेड दो बंदूकें एवं रायफल कहां से मिली इसकी जांच की जा रही है। बदमाशों के मोबाइल से मिली सराफा की दुकान की फोटो
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि बदमाशों के मोबाइल फोन से मैनपुरी के प्रमुख सराफा व्यापारी उमेश गुप्ता की दुकान की फोटो मिली है। इसकी रैकी प्रवीन वर्मा ने दिलीप परिहार के माध्यम से पूर्व में करा ली थी।
अशोक दीक्षित गैंग में हैं 30 सदस्य
फिरोजाबाद। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि कुख्यात अशोक दीक्षित गैंग (डी-27) में कुल 30 सदस्य हैं। अशोक दीक्षित भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीनरायन यादव के भाई सुमन प्रकाश यादव की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा बरेली जेल में काट रहा है। गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।