फिरोजाबाद/खैरगढ़। थाना खैरगढ़ के गांव जखारा में खेत से मिट्टी खोदने को लेकर दो पक्षों आपस में भिड़ गए। इस दौरान मारपीट में दंपती सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी खैरगढ़ लाए। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। प्रधान की पत्नी ने दूसरे पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जखारा निवासी प्रधान लाखन सिंह की पत्नी रेखा देवी सर्वेश के खेत से बिना बताए मिट्टी खोद रही थी। सर्वेश की पत्नी सुनीता देवी ने खेत से मिट्टी खोदने का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने के दौरान रेखा देवी ने अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर सुनीता देवी के साथ मारपीट कर दी। बचाव के लिए पति, सास शीला देवी, जेठ मुकेश कुमार पहुंचे तो उन्हें भी पीटा गया। इसमें चारों घायल हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस पहुंच गई।
पुलिस घायलों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरगढ़ पर लेकर पहुंची। यहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इधर, प्रधान की पत्नी रेखा देवी आरोप लगाया कि उसके साथ मुकेश, सर्वेश पुत्रगण मूलचंद्र व सुनीता देवी और शीला देवी ने मारपीट की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि जखारा में मिट्टी खोदने को लेकर प्रधान सहित दो पक्षों में विवाद हुआ है। मामले की जांच पड़ताल करने के साथ ही कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन की डीएम से शिकायत
फिरोजाबाद। थाना नारखी व बसई मुहम्मदपुर क्षेत्र में गांव जरया व नगला दया में कृषि क्षेत्रों से मिट्टी का अवैध खनन की शिकायत डीएम से की गई।
जराया व नगला दया गांव में खनन माफिया ने रातों रात जेसीबी लगा कर कई किसानों के खेतों की मिट्टी खोद डाली। नगला दया के किसानों ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन तब तक माफिया के गुर्गे जेसीबी लेकर भाग हो गए। गौंछ का बाग के समीप गांव जरया में भी उपजाऊ मिट्टी का खनन की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। शिकायत कर्ता शैलेंद्र, रामनिवास व रूपेश कुमार आदि ने शिकायती पत्र कलक्ट्रेट में दिया। संवाद