शिकोहाबाद/टूंडला। बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाहें शनिवार को भी जोर पकड़ती रहीं। शिकोहाबाद में वृद्धा और टूंडला में अधेड़ को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने जमकर पीट दिया। पुलिस ने घायलों को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
शिकोहाबाद के मोहल्ला खेड़ा में अफवाह फैली कि आधा दर्जन लोगों का गिरोह बच्चा चोरी करने आया है। तभी एक 12 साल की बालिका ने दावा किया कि एक आदमी ने उसका मुंह बंद कर उसे ले जाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही भीड़ एकत्रित हो गई। इसी दौरान भीड़ को एक संदिग्ध वृद्ध दिखाई दिया। बालिका ने उसकी ओर इशारा करके बताया कि यही उसे उठाने का प्रयास कर रहा था।
इतना सुनते ही भीड़ ने वृद्ध पर हमला बोल दिया। वृद्ध के पैरों में चोट लगी हुई थी। काफी असहाय दिख रहा था। उसके थेले से चाकू व दवाएं बरामद हुईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से उसे बचा कर थाने लाई। सुबह नौशहरा, दिखतौली व आदर्श टॉकीज से दो बच्चे गायब होने की अफवाह फैली, जिससे स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। थाना पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
इधर टूंडला में शनिवार सुबह करीब नौ बजे सुभाष चौराहे पर एक अधेड़ घूम रहा था। तभी किसी शरारती तत्व ने बच्चा चोर का शोर करते हुए उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते वहां भीड़ लग गई और लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। जो भी आता बिना कुछ जाने उसे लात-घूसों से पीटने लगता। मारपीट में लहूलुहान अधेड़ इधर-उधर भागता, किंतु भीड़ उसे पकड़ लेती और पीटने लगती, लेकिन बच्चा किसका चोरी हुआ है, इसका जवाब किसी के पास नहीं था।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने उसे बचाते हुए अस्पताल भेजा। घायल अधेड़ मानसिक रोगी प्रतीत हो रहा है। मारपीट से घबराए व्यक्ति ने पुलिस को अपना नाम संजय निवासी इलाहाबाद बताया है। शुक्रवार को भी नगर के एटारोड पर बच्चा चोर के शक में कन्नौज के एक बंजारा परिवार को मारपीटकर पुलिस को सौंपा था।
लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। निर्दोषों को बच्चा चोर बताकर पीटने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। मारपीट करने वालों की वीडियो के आधार पर पहचान की जा रही है। किसी भी सूरत में गुंडागर्दी बर्दास्त नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ज्ञानेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, टूंडला।