खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। थाना खैरगढ़ के ग्राम पड़रिया में शौच के लिए गए युवक को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण घायल को अस्पताल लाए लेकिन हालत गंभीर होने के कारण आगरा रेफर कर दिया गया।
थाना खैरगढ़ के ग्राम पड़रिया निवासी दीपू (35) पुत्र विजेंद्र सिंह रविवार को सुबह छह बजे घर से शौच के लिए खेतों की ओर गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात व्यक्ति की फायरिंग से एक गोली दीपू के बाह में लग गई। इस कारण वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। फायरिंग एवं शोरगुल को सुनकर खेतों की ओर पहुंचे ग्रामीण और दीपू के परिजन उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लाए। लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण तत्काल उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक खैरगढ़ जयेंद्र सिंह मौर्य ने बताया कि पड़रिया में युवक को गोली मारने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि परिजन यदि तहरीर देंगे तो मामले की जांच करके सख्त कार्रवाई की जाएगी।