फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी के गांव जलोपुरा में बुधवार को कारखाने में काम करने जा रहे श्रमिक को मैजिक गाड़ी ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं नारखी क्षेत्र में टेंपो पलटने से भाई-बहन घायल हो गए।
थाना लाइनपार के आलमपुर जारखी निवासी शिवकुमार (20) पुत्र सुघर सिंह राजा का ताल स्थित कारखाने में काम करके परिवार का पालन पोषण करता था। परिजनों की मानें तो बुधवार को सुबह पैदल ही कारखाने काम करने के लिए जा रहा था। थाना टूंडला क्षेत्र के गांव जलोपुरा में वह दुकान से सामान लेकर जैसे ही रोड की ओर चला, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक गाड़ी के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उसे रौंद दिया। हादसा होते ही मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। उसको तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दूसरा हादसा थाना नारखी क्षेत्र में भगवान सिंह इंटर कॉलेज बछगांव के समीप हुआ। कायथा निवासी पंकज (22) पुत्र छोटेलाल अपनी बहन काजल को उसकी ससुराल थाना पचोखरा के तारागढ़ी छोड़ने के लिए टेंपो से जा रहा था।नारखी बछगांव मार्ग स्थित भगवान सिंह इंटर कॉलेज के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे उसमें सवार भाई-बहन घायल हो गए। हादसे की जानकारी होते ही थाना पुलिस के साथ ही एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा है।
पिता की बीस वर्ष पूर्व हो गई थी मौत
फिरोजाबाद। शिवकुमार के पिता सुघर सिंह की मौत करीब बीस वर्ष पूर्व सड़क हादसे में हो गई थी। एक बहन की शादी हो जाने के बाद शिवकुमार अपनी मां शांतिदेवी के साथ रह रहा था। कारखाने में काम करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था। शिवकुमार की मौत हो जाने के बाद उसकी मां का हाल बेहाल है।