फिरोजाबाद/सिरसागंज। थाना सिरसागंज पुलिस और एसओजी टीम ने नकबजनी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ईको कार, टूंडला व नारखी से चोरी की गईं बीयर व शराब की पेटी और तमंचा बरामद किए हैं। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह व सिरसागंज थाना प्रभारी गिरीशचंद्र गौतम ने टीम के साथ सीओ इंदुप्रभा के निर्देशन में रविवार रात को ईको कार सवार नकबजनी गिरोह के सदस्यों को सिरसागंज में गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान ईको कार में दो तमंचा, चार कारतूस, 15 पेटी बीयर और नौ पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद की है। शराब टूंडला व नारखी क्षेत्र से चुराई गई थी। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम जिला फर्रुखाबाद के कायमगंज के शमशाबाद निवासी भूरा शाह पुत्र जफरुद्दीन शाह, कासगंज के थाना सहावर के प्रतापपुर मोहम्मद खां निवासी रंजीत कुमार उर्फ विनय पुत्र सेवाराम, आवास विकास कॉलोनी मिश्राना मोहल्ला कासगंज निवासी जुबैर अली, फिरोजाबाद थाना एका के कोंडर निवासी टिंकू फकीर उर्फ बंजारा, शिकोहाबाद के मोहनीपुर दखिनारा निवासी शिवकुमार पुत्र टीकम सिंह बताया है।