फिरोजाबाद। थाना लाइनपार के रामनगर में मामूली विवाद में खुरपी से हमला कर युवक को घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना दक्षिण में युवक को चार लोगों ने पीटा। वहीं थाना उत्तर के इंद्रानगर में बाइक निकालने को लेकर दो पक्षों में गाली-गलौज एवं मारपीट हो गई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
थाना लाइनपार के रामनगर निवासी राजेश कुमार (22) पुत्र भगवानदास मोहल्ले में स्थित राजवीर सिंह की चक्की के पास खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आशू नामक युवक से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान खुरपी से हमला करने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। दूसरी ओर थाना दक्षिण के हरभजन चौक कटरा पठानान में मारपीट की घटना हुई।
कटरा पठानान निवासी अनुज (20) पुत्र हरप्रसाद कश्यप को मोहल्ले के ही चार लोगों ने मारपीट करके घायल कर दिया। लहूलुहान अनुज को परिजन जिला अस्पताल ले गए। तीसरी घटना थाना उत्तर के मोहल्ला इंद्रानगर में हुई। जिसमें मनोज कुमार एवं रोहित पक्ष में बाइक निकालने को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान गाली-गलौज के साथ मारपीट और पथराव होने से तीन लोग घायल हो गए। रोहित, मनोज एवं मुकेश कुमार का पुलिस ने जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। पुलिस ने इस मामले में मनोज, मुकेश, मोहित, रोहित, विक्रम, मंजू के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष उत्तर हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ था।