फिरोजाबाद। रेलवे के माल गोदाम के समीप अज्ञात किशोर की हत्या करके शव रेलवे की लूपलाइन पर फेंक दिया। सीओ सिटी, एसएचओ उत्तर के साथ जीआरपी थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से बार किया गया है। मृतक के चेहरे सहित कई स्थानों पर निशान बने हुए हैं। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है।
बुधवार को तड़के लाइन पर काम कर रहे मजदूर की नजर लूपलाइन के किनारे पड़े शव की ओर गई। मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने इसकी सूचना एसएचओ दक्षिण श्याम सिंह एवं सीओ सिटी हरिमोहन सिंह को दी। सीओ सिटी हरिमोहन सिंह एवं एसएचओ दक्षिण श्याम सिंह मौके पर पहुंच गए। लेकिन मामला रेलवे की लूपलाइन के मध्य का होने के कारण यह जीआरपी थाना क्षेत्र में था।
जीआरपी की थाना प्रभारी ऊषा मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने शव की शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन नहीं हो सकी। मौके पर पड़े किशोर के शव को देखा तो उसके कर्दन पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। किशोर की हत्या कर शव डाला गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक जीआरपी ऊषा मलिक ने कहा कि किशोर की हत्या करके शव को फेंका गया है। उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक लालरंग की टीशर्ट एवं नीले रंग की जींस पहने हुए है।